इराक़ के उप राष्ट्रपति ने कहा कि क्षेत्र में कुछ देशों की ओर से इराक़ को विभाजित करने की योजना को इराक़ी जनता पूरी शक्ति के साथ रद्द कर देगी।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार, नूरी मालेकी ने कहा कि क्षेत्र के कुछ देश, इराक़ को विभाजित करने के प्रयास में लगे हुए हैं किन्तु उनकी इस योजना को इराक़ी जनता पूरी शक्ति से रद्द कर देगी।
नूरी मालेकी ने कहा कि इराक़ी जनता कदापि ऐसा नहीं होने देगी और इस योजना को क्रियान्वित करने वालों को ख़ून की नदी से गुज़रना पड़ेगा। उन्होंने देश की रक्षा में इराक़ी जनता की भूमिका की ओर संकेत करते हुए कहा कि इराक़ के सुन्नी समुदाय, देश के विभाजन के धुर विरोधी हैं और कुछ सुन्नी राजनेता के बयान, इराक़ के सुन्नी मुसलमानों की नीतियों के विपरीत हैं।
नूरी मालेकी ने सीरिया संकट को राजनैतिक मार्ग से हल किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सीरिया की सरकार का तख़्ता उलटने वालों की आशाएं, निराशा में परिवर्तित हो चुकी हैं।